यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत चरम पर है। मथुरा में जहां भगवान कृष्ण की बात हो रही है, तो प्रतापगढ़ में राम नाम का जयघोष हो रहा है। आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री प्रतापगढ़ पहुंच गए हैं और कल से उनकी रामकथा शुरू होगी। प्रतापगढ़ में धीरेन्द्र शास्त्री की कथा राजनीति का मुद्दा इसलिए बन गई क्योंकि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने धीरेन्द्र शास्त्री की कथा का विरोध करने का एलान किया था, लेकिन कुंडा से जनसत्ता दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने कह दिया कि धीरेन्द्र शास्त्री की कथा तो होकर रहेगी….जिसकी हिम्मत हो रोककर दिखाए।
राजा भैया की टीम ने लोगों को दिया न्यौता
आज राजा भैया के बेटों ने धीरेन्द्र शास्त्री की कथा से पहले प्रतापगढ़ में कलश यात्रा निकाली। इस कलश यात्रा को जनसत्ता दल के MLC अक्षय प्रताप उर्फ गोपालजी भी शामिल हुए। कुंडा, बाबागंज, कालाकांकर, बिहार ब्लॉक में निकली इस कलश यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। राजा भैया की टीम ने गांव गांव जाकर पीले चावल बांटे, लोगों को कथा में आने का न्यौता दिया।
धीरेंद्र शास्त्री की कथा का कार्यक्रम
धीरेंद्र शास्त्री कल दोपहर दो बजे से कथा शुरू करेंगे, 20 नवंबर को दिव्य दरबार लगाएंगे। 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे से बाबा बागेश्वर की राम कथा शुरू होगी,17, 18, 19 नवंबर को राम कथा का आयोजन होगा, जबकि 20 नवंबर को बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार लगेगा,सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
धीरेंद्र शास्त्री को खुद रिसीव करने पहुंचे राजा भैया
आज शाम धीरेंद्र शास्त्री प्रयागराज पहुंचे तो राजा भैया खुद उन्हें रिसीव करने आए। राजा भैया ने गाड़ी ड्राइव की और धीरेंद्र शास्त्री को प्रयागराज से कुंडा तक लेकर गए। आज राजा भैया ने कहा कि कोई कितना भी विरोध करे, कथा होकर रहेगी। कथा में धीरेंद्र शास्त्री के अलावा दूसरे संत भी शामिल होंगे। राजा भैया ने कहा कि सभी सनातनियों को एकजुट होना चाहिए क्योंकि अगर हिंदू बंटेगा तो कटेगा।
सपा का आरोप
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं का विरोध कायम है। आज समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। बीजेपी हर बार चुनाव से पहले धार्मिक उन्माद फैलाती है।इस बार भी वही हो रहा है लेकिन अब इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
