सत्ता का दुरुपयोग: नायब तहसीलदार ने अपने ड्राइवर के लिए लोकतंत्र रक्षक सेनानी के खेत में बुलवाई JCB, जबरन रास्ता निकालने का प्रयास!

Lucknow
  • कौशल यादव

सीतापुर / रामपुर कलां। जमीनी विवाद में राजस्व विभाग की गुंडागर्दी और सत्ता के दुरुपयोग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि रामपुर मथुरा के नायब तहसीलदार राकेश पाल ने अपने सरकारी गाड़ी के ड्राइवर को फायदा पहुंचाने के लिए एक ‘लोकतंत्र रक्षक सेनानी’ के परिवार की पैतृक जमीन (गाटा संख्या 549) पर जबरन कब्जा कराने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब नियम-कानून ताक पर रखकर नायब तहसीलदार ने खुद मौके पर JCB मशीन बुलवा ली और पीड़ित के खेत को पाटकर उसमें से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया।

मामला ग्राम खेतमनी के गाटा संख्या 549 का है। पीड़ित पक्ष की कमला देवी (पत्नी स्व. विश्वनाथ सिंह, जो कि लोकतंत्र रक्षक सेनानी रहे हैं), छोटकऊ सिंह (पुत्र स्व. परागी) व श्री राम आदि का सीधा आरोप है कि विपक्षी कुंवर सिंह, रामकुमार (दोनों पुत्र स्व. सोहनलाल), अजय कुमार और विजय कुमार उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। विपक्षी गुट का विजय कुमार वर्तमान में नायब तहसीलदार राकेश पाल (रामपुर मथुरा) की गाड़ी का ड्राइवर है।

पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि इसी रसूख और मिलीभगत के चलते, नायब तहसीलदार राकेश पाल ने पद की गरिमा को तार-तार करते हुए आज मौके पर पूरी तरह से एकतरफा और दबंगई पूर्ण कार्रवाई की। बिना किसी सक्षम आदेश के नायब तहसीलदार ने मौके पर खुद JCB मशीन बुलवा ली और पीड़ित परिवार की पैतृक जमीन को पाटकर विपक्षी (अपने ड्राइवर) के लिए जबरन रास्ता (चकरोड) निकालने की कोशिश की।

जब पीड़ित परिवार ने इस सरासर अन्याय का विरोध किया, तो उन पर भारी दबाव बनाया गया और बिना दोनों पक्षों की सहमति के एकपक्षीय नाप-जोख थोपने का प्रयास किया गया। अधिकारी की इस तानाशाही से मौके पर भारी तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त (कमिश्नर) और जिलाधिकारी सीतापुर से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। पीड़ितों का स्पष्ट कहना है कि जब एक ‘लोकतंत्र रक्षक सेनानी’ के आश्रितों के साथ एक अधिकारी अपने ड्राइवर को खुश करने के लिए इस स्तर की दबंगई और खुलेआम मानवाधिकारों का हनन कर सकता है, तो आम आदमी न्याय की उम्मीद किससे करे?। पीड़ित परिवार ने इस एकपक्षीय नाप को तत्काल निरस्त करने, खेत में JCB चलवाने के दोषी नायब तहसीलदार राकेश पाल के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने और किसी अन्य निष्पक्ष टीम से सीमांकन कराने की मांग की है।