‘योगी की पाती’ बनी सरकार और जनता के बीच आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम, मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

Lucknow
  • विरासत, विकास और जनकल्याण की 50 कड़ियों का दस्तावेज है ‘योगी की पाती’, प्रदर्शनी का भी हुआ वर्चुअल उद्घाटन

लखनऊ। मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और इस संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल लेख या सरकारी संदेश नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसके जरिए शासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने के साथ प्रदेश की विरासत, विकास और जनकल्याण के उन प्रयासों को सामने लाने का कार्य किया गया है, जो उत्तर प्रदेश की वास्तविक ताकत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों को समाचार पत्रों और विजुअल मीडिया में स्थान देकर मीडिया संस्थानों ने इस संवाद को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया परिवारों को अधिकार दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किए गए। आज वनटांगिया समाज की 54 बस्तियों से जुड़े हजारों परिवारों को नागरिकता और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। चित्रकूट में कोल जनजाति के परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने के साथ अन्य सरकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया गया है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मृत्यु पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना शासन की जिम्मेदारी है, न कि किसी पर उपकार। प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है। बेसिक शिक्षा परिषद के लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को दो यूनिफॉर्म, बैग, पुस्तकें और जूते-मोजे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता लगभग 96 प्रतिशत तक पहुंच गई है तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना ही सुशासन का उद्देश्य है।