अखिलेश यादव की राजनीति में तर्क कम, ताने अधिक; सनातन और सामाजिक सद्भाव पर प्रहार दुर्भाग्यपूर्ण : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • अखिलेश यादव की राजनीति में तर्क कम, ताने अधिक; सनातन और सामाजिक सद्भाव पर प्रहार दुर्भाग्यपूर्ण : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • जातीय राजनीति छोड़ रोजगार, निवेश और विकास का रोडमैप पेश करें अखिलेश यादव, 2012-17 के शासनकाल का भी दें हिसाब

लखनऊ। सरोजनी नगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हालिया सोशल मीडिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी राजनीति में तर्क कम और ताने अधिक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की भाषा में बढ़ती कटुता और राजनीतिक विमर्श का गिरता स्तर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

  • सनातन परंपरा और आस्था का सम्मान जरूरी

डॉ. सिंह ने कहा कि किसी कथावाचक से असहमति लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन ब्रज और अवध में प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग तथा आयोजकों को परिणाम भुगतने की चेतावनी देना उचित नहीं है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। राजनीतिक विरोध के नाम पर सनातन परंपरा और धार्मिक भावनाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

  • जातीय राजनीति नहीं, योग्यता को मिले प्राथमिकता

जातीय समीकरणों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जाति गिनाकर प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। अधिकारी की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी और कार्यक्षमता से होती है। सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ गरीब और योग्य युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

  • SIR और कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

डॉ. सिंह ने SIR को लेकर भ्रम फैलाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को जमीन, गहने और राशन छिनने से जोड़ना जनता में अनावश्यक भय पैदा करना है। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों और जवाहर बाग कांड का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव से 2012-17 के शासनकाल की घटनाओं पर जवाबदेही स्वीकार करने को कहा।

  • प्रदेश को चाहिए रोजगार और विकास

डॉ. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को जातीय राजनीति नहीं, बल्कि रोजगार, उद्योग और निवेश का रोडमैप चाहिए। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन और उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर का विस्तार प्रदेश को रक्षा विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बना रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार है, लेकिन नफरत और सामाजिक विभाजन की राजनीति उचित नहीं। प्रदेश का भविष्य कटुता से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनसेवा से तय होगा।