इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के 10 जिलों के कुल 2.64 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में सबसे ज्यादा 1,15,019 मतदाता प्रयागराज में हैं, ऐसे में पूरे निर्वाचन क्षेत्र में जिले की भूमिका अहम मानी जा रही है।
प्रयागराज में 54 केंद्रों पर 152 बूथ, 900 मतदानकर्मी तैनात
प्रयागराज में मतदान के लिए 54 केंद्रों पर 152 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए करीब 900 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 79,823 पुरुष और 35,196 महिला मतदाता हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा के लिए 1,709 पुलिसकर्मी तैनात
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में कुल 1,709 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 12 एसीपी, 40 इंस्पेक्टर, 100 से अधिक दरोगा और पीएसी के जवान शामिल हैं। इसके अलावा निगरानी के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट और 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी मतदान प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।
ईवीएम नहीं, बैलेट पेपर से हो रहा मतदान
इस चुनाव में ईवीएम के बजाय पारंपरिक बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदाताओं को प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष पेन से उम्मीदवारों के नाम के सामने अपनी प्राथमिकता क्रमशः 1, 2, 3 आदि में दर्ज करनी है। चुनाव के मद्देनजर जिले के सभी स्कूलों और संबंधित संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब की दुकानों को बंद रखा गया है।
13 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें समाजवादी पार्टी से डॉ. मान सिंह यादव और भाजपा से अशोक कुमार राठौर प्रमुख उम्मीदवार हैं। इनके अलावा 11 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में केशवकांत शर्मा, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, मान सिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राज कुमार, राहुल कनकने, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेंद्र कुमार और सारिका शामिल हैं।
27 अक्टूबर को झांसी में होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां बैलेट बॉक्स सील कर मैरी लूकस स्कूल एंड कॉलेज पहुंचाएंगी। यहां सभी बूथों की मतपेटियां एकत्र की जाएंगी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इन्हें मतगणना के लिए झांसी भेजा जाएगा। चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद सामने आएंगे।
