बाराबंकी में माती थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान बजरंग दल के पदाधिकारी के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी उप निरीक्षक बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है।
आरोप है कि मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के दौरान उप निरीक्षक बीके शर्मा ने बजरंग दल के जिला कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख अखिलेश राजपूत के साथ लाठी, लात और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि अखिलेश राजपूत के मना करने के बावजूद दरोगा नहीं रुके। मौके पर मौजूद कुछ अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें ऐसा न करने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रही। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वीडियो विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री अखिल, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, प्रांत कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख ब्रह्म प्रकाश दीक्षित, जिला सह मंत्री वीरेंद्र कुमार और जिला विशेष संपर्क प्रमुख तुलसीराम चौहान समेत अन्य पदाधिकारियों को भेजकर जानकारी दी। देवा के प्रखंड संयोजक हिमांशु और विश्व हिंदू परिषद के अन्य पदाधिकारियों ने भी वीडियो पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर थाना प्रभारी माती अजय कुमार त्रिपाठी से भी बातचीत हुई थी। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। अब आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
