शिवा शर्मा मौत केस : कहां है श्रद्धा दुबे? तलाश में रायबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस, पिता और सौतेली मां से बंद कमरे में पूछताछ

# ## Lucknow

लखनऊ में शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस रायबरेली पहुंची। सोमवार को लखनऊ से पुलिसकर्मियों की टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के रामजीपुरम स्थित श्रद्धा दुबे के आवास पर पहुंचकर उसके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस टीम ने श्रद्धा के पिता एसपी दुबे और उसकी सौतेली मां से बंद कमरे में पूछताछ की। इस कार्रवाई के बाद मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस श्रद्धा दुबे के साथ ही उसकी बहन और दो अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। हालांकि, अब तक श्रद्धा दुबे का पता नहीं चल सका है।

श्रद्धा दुबे यहीं रहकर ग्रहण की थी शुरुआती शिक्षा

श्रद्धा दुबे यहीं रहकर शुरुआती शिक्षा ग्रहण की थी। शहर के रामजीपुरम में उसका आवास है। पुलिस इसी आवास पर पहुंचकर उसके परिजनों से जानकारी जुटा रही है, ताकि श्रद्धा के संभावित ठिकानों और उसकी गतिविधियों के बारे में सुराग मिल सके। पुलिस परिजनों से पूछताछ के जरिए उसकी आवाजाही और संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है। हालांकि, पूछताछ में क्या जानकारी मिली और पुलिस को कोई नया सुराग हाथ लगा या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि श्रद्धा दुबे की तलाश के लिए पुलिस की दस टीमें लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद उसका पता नहीं चल पाया है। लखनऊ पुलिस की रायबरेली में की गई कार्रवाई को इसी तलाश से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रकरण में स्थानीय पुलिस कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर रही है।