सामने से आ रहे वाहन को बचाने में खाई में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक की दबकर मौत

# ## Bareilly Zone

रिछा-जहानाबाद मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चावल की पॉलिश से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे 40 वर्षीय चालक की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बानगंज निवासी राजपाल पुत्र बिरम सिंह चावल की पॉलिश से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बहेड़ी क्षेत्र में रिछा-जहानाबाद मार्ग पर सामने से एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से राजपाल उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।