लखीमपुर खीरी : बेबस पिता के सामने मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, दुधवा बफर जोन में चीख-पुकार

# ## UP

लखीमपुर खीरी ज़िले के दुधवा बफर जोन में तेंदुए के हमले में छह साल के बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों ने वृहस्पतिवार को यह जानकरी दी। यह घटना सोमवार रात बोझिया गांव में हुई घटना के करीब 48 घंटे बाद हुई है, जिसमें दुधवा बफर जोन में एक तेंदुए ने सात साल की बच्ची सानिया को उसके पिता की आंखों के सामने घर से उठा लिया था। ताजा घटना बुधवार रात को दुधवा बफर जोन की उत्तर निघासन रेंज के नौरंगाबाद गांव में हुई।

तेंदुए ने छह साल के बच्चे नवजोत सिंह पर हमला किया, बच्चा अपने पिता जोगा सिंह के साथ घर जा रहा था अधिकारियों ने बताया कि माता-पिता और ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका और उसका शव आरक्षित वन क्षेत्र के पास एक गन्ने के खेत से बरामद किया गया। दुधवा बफर जोन के निघासन के उप प्रभागीय अधिकारी (एसडीओ) मनोज तिवारी, रेंज अधिकारी भूपेंद्र सिंह और अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में पिंजरे लगाए जा रहे हैं, जबकि थर्मल ड्रोन, गश्त के जरिए तेंदुए की निगरानी की जाएगी ताकि उसे पकड़ा जा सके। वहीं, तेंदुए के हमलों में लगातार दो मौतों से लोगों में दहशत और भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों ने इस इलाके में तेंदुए के खतरे का प्रभावी समाधान निकालने की मांग की है।