तेल अवीव। आसमान में उड़ते विमान के कॉकपिट में जब संकट ने दस्तक दी, तब भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने अदम्य साहस और पेशेवर कुशलता का परिचय दिया। इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कहा है कि दुबई से तेल अवीव आ रहे फ्लाईदुबई के विमान के कॉकपिट में सह-पायलट के हमले का सामना करने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को इजराइल का सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रपति हर्जोग ने 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में सवार छह लोगों को बृहस्पतिवार को ‘Presidential Award for Civilian Heroism‘ प्रदान किया।
‘उनके साहस ने बड़ी त्रासदी टालने में मदद की’
राष्ट्रपति हर्जोग ने बृहस्पतिवार को यरुशलम स्थित राष्ट्रपति आवास में आयोजित समारोह में 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सवार छह लोगों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की। समारोह में राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कहा कि इजराइल आज उन लोगों को सम्मानित कर रहा है, जिन्होंने संकट की घड़ी में असाधारण साहस दिखाया।
भारतीय पायलट की बहादुरी को इजराइल का सलाम
यरुशलम स्थित राष्ट्रपति आवास में आयोजित समारोह में हर्जोग ने कहा, ”आज हम इजराइली नायकों को सम्मानित कर रहे हैं। साथ ही, हम भारत के कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की हार्दिक कामना करते हैं।” राष्ट्रपति ने कहा, ”उनके अदम्य साहस, वीरता और पेशेवर कुशलता ने एक बड़ी त्रासदी टालने में मदद की। उनके स्वस्थ होने पर इजराइल की जनता की ओर से उन्हें यह पुरस्कार प्रदान करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात होगी।”
कॉकपिट में हमले के बीच दिखाई हिम्मत
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म’ इजराइल का सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान है। यह पुरस्कार उन लोगों के प्रति इजराइल के सम्मान को दर्शाता है, जिन्होंने दूसरों के प्रति जिम्मेदारी की भावना से प्रेरित होकर अपनी जान जोखिम में डालकर असाधारण साहस दिखाया और लोगों की जान बचाई। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश कर रहे हमलावर को रोकने में भूमिका निभाने के लिए ताली मानेस, ज्विका मानेस, यानिव हायून, शोटा मुसायेव, असफ राजुआन और ओर पारदिलॉव को यह पुरस्कार दिया गया।
