NHM संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार, 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

# ## UP

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मियों का आंदोलन तेज हो गया है। शनिवार को जयसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के आह्वान पर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से संविदा पर सेवाएं देने के बावजूद उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने शासन से मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

12 अक्टूबर से लखनऊ में अनवरत धरने की चेतावनी

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनवरत धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, वेतन वृद्धि, स्थानांतरण नीति लागू करने और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत अन्य मांगें शामिल हैं।