किसानों पर योगी सरकार का बड़ा दावा, 80 लाख से ज्यादा किसानों से खरीदा धान; MSP में 71 रुपए की बढ़ोतरी

# ## UP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसानों को बीज से लेकर बाजार तक जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूती और समृद्धि का प्रमुख आधार हैं। ऐसे में किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनकी खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए वर्ष 2017 के बाद किसानों और कृषि क्षेत्र में किए गए कामों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसान कर्ज, बदहाली और लाचारी से जूझता था और उसे अपनी उपज बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता था। आज किसान कर्ज से मुक्त होकर उन्नत बीज, सिंचाई की सुविधाओं के साथ डीबीटी के जरिए एमएसपी और पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहा है।

सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने का दावा

सीएम योगी ने कहा कि लंबे समय से अधूरी पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया गया है। उनके मुताबिक, देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 21 प्रतिशत है। वहीं प्रदेश की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत तक पहुंची है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध, गन्ना और गेहूं समेत कई प्रमुख कृषि उत्पादों के उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

80 लाख से अधिक किसानों से खरीदा गया धान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2017 से मार्च 2026 के बीच प्रदेश में 80 लाख से अधिक किसानों से 519 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीद की गई।

उन्होंने बताया कि धान खरीद के एवज में किसानों को 1,03,833 करोड़ रुपये से अधिक का सीधा भुगतान किया गया है।

धान के MSP में 71 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता इस बार भी जारी है। इसी क्रम में धान के समर्थन मूल्य में 71 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अन्नदाता की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और उसकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।