कुड़वार थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। एक महिला ने पड़ोस के पांच लोगों पर घर में घुसकर हमला करने और उसके 10 वर्षीय बेटे का हाथ तोड़ने का आरोप लगाया है। मामले में अदालत के आदेश पर पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच उपनिरीक्षक दिनेश यादव को सौंपी है।
लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमले का आरोप
लोहारन का पुरवा मजरे निरसहिया निवासी आशा देवी के मुताबिक, 30 जून की रात करीब नौ बजे पुरानी रंजिश और रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोस के अनिल, पवन, आन, जंगली और विशाल लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि पांचों ने गालीगलौज करते हुए उनके 10 वर्षीय बेटे श्रेयस्कर की पिटाई शुरू कर दी।
बेटे को पिटता देख आशा देवी और उनकी बेटियां बीचबचाव करने पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला का आरोप है कि इसके बाद हमलावर घर के अंदर घुस गए और उन्हें व उनके बेटे को दोबारा पीटा।
घर का सामान तोड़ने और धमकी देने का आरोप
आशा देवी के अनुसार, मारपीट के दौरान घर में रखा पंखा, दीवार घड़ी और अन्य सामान भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
थाने से नहीं मिली राहत, अदालत पहुंची महिला
महिला का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थनापत्र भेजा, फिर भी कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का रुख किया।
आशा देवी के मुताबिक, बेटे के मेडिकल परीक्षण में उसके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद हाथ पर प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। अब अदालत के आदेश पर कुड़वार थानाध्यक्ष ने पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिनेश यादव कर रहे हैं।
