मुजफ्फरनगर। लक्सर में आयोजित जन्मदिन समारोह से देर रात मुजफ्फरनगर लौट रहा एक परिवार पुरकाजी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। लक्सर मार्ग पर स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है। गंभीर हालत के चलते दो महिलाओं और बच्ची को मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टक्कर के बाद कई लोग स्कॉर्पियो में फंस गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
जन्मदिन समारोह से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी निवासी आदेश गोयल अपने परिवार के साथ लक्सर गए थे। वहां उनके मौसी के पति राधेश्याम का 75वां जन्मदिन समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर वापस लौट रहा था।
इसी दौरान पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर सामने से आ रहे डंपर से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 50 वर्षीय आदेश गोयल, 35 वर्षीय निशा, 11 वर्षीय गोनी और 48 वर्षीय राखी की मौत हो गई। दुर्घटना की खबर परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया।
पत्नी समेत तीन घायल, बच्ची भी शामिल
हादसे में आदेश गोयल की पत्नी रूबी गोयल समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुसुम गोयल पत्नी दिनेश गोयल और एक बच्ची भी शामिल है। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रूबी गोयल और कुसुम गोयल को मेरठ रेफर कर दिया गया। बच्ची को भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजे जाने की बात कही गई है।
डंपर चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। डंपर चालक को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस दुर्घटना की वास्तविक वजह और टक्कर के वक्त दोनों वाहनों की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे एडीएम दीपक सिंह ने बताया कि पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हुई है। तीन घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
