सुल्तानपुर। अवधी गायकी और कॉमेडी की दुनिया में चर्चित संजय यदुवंशी की तलाश में सोमवार रात धम्मौर पुलिस ने उघरपुर स्थित उनके घर पर दबिश दी। पुलिस पहुंची तो संजय घर पर नहीं मिले। घर में उनके पिता सियाराम, भाई शिवा यादव, मां समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दबिश किसी अन्य कारण से नहीं, बल्कि दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे संजय यदुवंशी की तलाश में दी गई थी।
मारपीट और जानलेवा हमले का मुकदमा
सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर की ओर से जारी बयान के मुताबिक, थाना कोतवाली नगर में जफरुल हसन ने अपने पुत्र शबीब रजा के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में संजय यदुवंशी वांछित चल रहे हैं। इसी मुकदमे की विवेचना के क्रम में पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही है और इसी क्रम में सोमवार रात उनके घर पर दबिश दी गई।
घर पर नहीं मिले तो परिवार से हुई पूछताछ
पुलिस कार्रवाई के समय संजय की गैरमौजूदगी में घर में मौजूद परिजनों से बातचीत और कार्रवाई को लेकर बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस बोली—आरोप निराधार
सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने पुलिस पर लगाए जा रहे अन्य आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि पुलिस टीम विवेचनात्मक कार्रवाई के तहत अभियुक्त की तलाश कर रही थी। मामले में नियमानुसार अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है और पुलिस पर लगाए जा रहे अन्य आरोप असत्य एवं निराधार हैं।अब देखना यह है कि पुलिस की तलाश में चल रहे संजय यदुवंशी कब सामने आते हैं और इस मुकदमे की विवेचना आगे किस दिशा में बढ़ती है।
