China के Yiwu मॉडल पर UP की बड़ी तैयारी, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में विकसित होगी इंटरनेशनल ट्रेड सिटी

# ## UP

उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में योगी सरकार ने एक और पहल की है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में चीन की यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी की तर्ज पर इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की परिकल्पना की गई है। हाल में हुई यीडा बोर्ड की बैठक में इस दिशा में पहल पर चर्चा हुई। प्रस्तावित ट्रेड सिटी में विभिन्न उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और निर्यात के लिए एक संगठित मंच विकसित करने का लक्ष्य है।

इंटरनेशनल ट्रेड सिटी के जरिये स्थानीय उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों को देश-विदेश के खरीदारों तक सीधे पहुंच उपलब्ध कराने की योजना है। इससे उत्पादकों को अपने सामान के प्रदर्शन और बिक्री के साथ संभावित विदेशी खरीदारों और निर्यातकों से कारोबारी संपर्क का अवसर मिलेगा।

खासतौर पर छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए यह बाजार तक पहुंच बनाने का नया माध्यम बन सकता है। सरकार की मंशा उत्पादन से बाजार और बाजार से निर्यात तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करने की है। ट्रेड सिटी के जरिये व्यापारिक गतिविधियों के साथ वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, परिवहन और निर्यात सेवाओं में भी नए कारोबार और रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।

यीवू की तर्ज पर वन-स्टॉप ट्रेडिंग डेस्टिनेशन

चीन की यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी दुनिया के प्रमुख थोक व्यापार केंद्रों में शामिल है। इसी अवधारणा को आधार बनाकर यीडा क्षेत्र में ऐसा कारोबारी प्लेटफॉर्म विकसित करने की योजना है, जहां विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद एक ही स्थान पर प्रदर्शित और कारोबार के लिए उपलब्ध हों। इससे उत्पादकों, खरीदारों, निर्यातकों और व्यापारिक संस्थाओं को एक साझा मंच मिलने की उम्मीद है। इस पहल को सरकार की ‘लोकल से ग्लोबल’ सोच से भी जोड़ा जा रहा है।

जेवर एयरपोर्ट से लॉजिस्टिक्स को मिलेगा आधार

यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक ढांचा इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार और एयर कार्गो सुविधाओं के विकास से भविष्य में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स को मजबूती मिल सकती है। एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के साथ औद्योगिक क्षेत्रों, वेयरहाउसिंग और परिवहन सुविधाओं का विस्तार उत्पादों की आवाजाही को आसान बनाने में मदद करेगा।