उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में अखंड पाठ सुनने गए 19 वर्षीय युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसा अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर नगरिया गांव में रविवार रात हुआ। युवक दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और उसी की कमाई से परिवार का भरण-पोषण होता था। वह रविवार सुबह ही दिल्ली से गांव लौटा था।
शेखपुर नगरिया गांव निवासी सुशील (19) रविवार रात गांव में आयोजित अखंड पाठ सुनने गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में लगे टेंट के तार में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से सुशील झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। काफी देर तक वह वहीं पड़ा रहा। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उसे हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
सुशील दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। उसकी कमाई से परिवार का भरण-पोषण होता था। रविवार सुबह ही वह दिल्ली से अपने गांव वापस आया था। रात में अखंड पाठ सुनने के दौरान हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में मां अनीता देवी के अलावा छह भाई और चार बहनें हैं। सुशील भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था।
पुलिस ने शव मर्चरी में रखवाया, पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हरदोई के मर्चरी हाउस में रखवा दिया। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि शव रविवार रात मर्चरी में रखवाया गया था। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
