मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में शिक्षक गरिमा सम्मेलन में शामिल हुए डॉ. राजेश्वर सिंह, शिक्षा-संस्कार से राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर

Lucknow
  • मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में शिक्षक गरिमा सम्मेलन में शामिल हुए डॉ. राजेश्वर सिंह, शिक्षा-संस्कार से राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर

लखनऊ। डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रेक्षागृह में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित प्रांतीय शिक्षक गरिमा सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहभागिता की। गायत्री मंत्रों के पवित्र उच्चारण से गूंजे प्रेक्षागृह में शिक्षा, संस्कार और भारतीय संस्कृति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक छात्र सहभागिता वाले 10 विद्यालयों के प्रबंधकों को सम्मानित किया गया तथा परीक्षा से संबंधित स्मारिका का विमोचन हुआ।

  • शिक्षकों के योगदान को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिल विश्व गायत्री परिवार की सामाजिक भूमिका, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के योगदान और भारतीय परिवार व्यवस्था में संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सरोजनीनगर में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, चरित्र, अनुशासन, संवेदना और राष्ट्रभाव का निर्माण करने वाले मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उस ज्ञान परंपरा का सम्मान है जो पीढ़ियों को जोड़कर राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करती है।

सरोजनीनगर में डिजिटल शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को गति

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर में रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं युवा सशक्तिकरण केन्द्रों की पहल 18 केन्द्रों तक पहुंच चुकी है। क्षेत्र में 80 से अधिक स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाइब्रेरी तथा 350 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, टैबलेट और साइकिल जैसे शैक्षणिक संसाधनों से प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को अवसर और सशक्तिकरण का माध्यम बनाते हुए लक्ष्य है कि सरोजनीनगर की प्रत्येक प्रतिभा को बेहतर संसाधन, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने का मंच मिले।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में 10 विद्यालय सम्मानित

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सर्वाधिक छात्र सहभागिता के लिए 10 विद्यालयों के प्रबंधकों को सम्मानित किया गया। इनमें रमेश बालिका इंटर कॉलेज सीतापुर, चंद्रेश्वर एम. पब्लिक स्कूल रायबरेली, लखनऊ पब्लिक स्कूल, डॉ. हैमन मोदी विज्ञान एवं वाणिज्य इंटर कॉलेज आजमगढ़, शिव प्रतिष्ठा इंटर कॉलेज अमेठी, अमर सिंह इंटर कॉलेज बुलंदशहर, चित्रकूट इंटर कॉलेज, अयोध्या रामानन्द लाल कॉलेज सीतापुर, एम. आर. बालिका इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर और सिटी मॉन्टेसरी स्कूल लखनऊ शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. चिन्मय पांड्या, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह सहित प्रदेशभर से शिक्षक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।