लखनऊः आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली के पास शांति अस्पताल के नजदीक शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। कंटेनर और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। करीब एक घंटे से दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोहरे के बीच हुई जोरदार भिड़ंत, देखते ही देखते धधक उठे वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह के समय हुआ। उस वक्त कोहरे के कारण हाईवे पर दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान कंटेनर और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दो दमकल गाड़ियां मौके पर, राहत-बचाव जारी
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और वाहनों में लगी आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस और बचाव दल भी मौके पर मौजूद हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
हाईवे पर यातायात सामान्य कराने के लिए पुलिस और राहत दल प्रयास कर रहे हैं। जाम में फंसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की कोशिश की जा रही है। हादसे के कारण हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
