- ₹3,740.34 करोड़ की आय और ₹3,739.56 करोड़ के व्यय का प्रावधान
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ की कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को भरवारा स्थित एसटीपी प्लांट के मीटिंग हॉल में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कार्यकारिणी सदस्य, विभागाध्यक्ष, जोनल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित बजट को कार्यकारिणी ने मंजूरी प्रदान की। बजट में कुल आय ₹3,740.34 करोड़ और कुल व्यय ₹3,739.56 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रारंभिक अवशेष को शामिल करने के बाद सकल आय ₹5,319.29 करोड़ तथा व्यय के बाद ₹1,579.72 करोड़ अंतिम अवशेष का प्रावधान रखा गया है। पुनरीक्षित बजट में राजस्व आय ₹2,600.34 करोड़ तथा राजस्व व्यय ₹2,599.56 करोड़ रखा गया है, जबकि पूंजीगत आय और व्यय दोनों के लिए ₹1,106 करोड़ का प्रावधान है।
- गृहकर से ₹811 करोड़ आय का लक्ष्य, वित्त आयोग से भी मिलेगा बजट को आधार
नगर निगम ने आय बढ़ाने के लिए गृहकर, राज्य वित्त आयोग, विज्ञापन शुल्क, यूजर चार्ज और नगर निगम की संपत्तियों से होने वाली आय को प्रमुख स्रोत बनाया है। बजट में गृहकर से ₹811 करोड़ तथा राज्य वित्त आयोग से ₹1,126 करोड़ की आय का लक्ष्य रखा गया है। वहीं विज्ञापन शुल्क से ₹16 करोड़ और यूजर चार्ज से ₹100 करोड़ की आय का प्रावधान है। पूंजीगत प्राप्तियों में विभिन्न वित्त आयोगों और योजनाओं से मिलने वाली धनराशि शामिल की गई है। इसमें सीएम ग्रिड योजना के लिए ₹300 करोड़, 15वें वित्त आयोग के लिए ₹175 करोड़ और 16वें वित्त आयोग के लिए ₹250 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- सड़क, स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को मिली प्राथमिकता
पुनरीक्षित बजट में सार्वजनिक निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए करीब ₹1,319 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसमें सड़क एवं मार्गों की मरम्मत, निर्माण, अवस्थापना विकास और भवन निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं। स्वच्छता, जल निकासी और ठोस कचरा प्रबंधन के लिए भी ₹585.05 करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, पार्कों, विद्यालयों, स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा, पेंशन, डिजिटलीकरण सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं के लिए बजट में धनराशि निर्धारित की गई है। बैठक में जलकल विभाग का वर्ष 2026-27 का पुनरीक्षित बजट भी प्रस्तुत किया गया, जिसे कार्यकारिणी ने स्वीकृति दी। जलकल विभाग के बजट में कुल ₹472.313 करोड़ की आय और ₹483.450 करोड़ के व्यय का प्रावधान है। बैठक में बजट के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा के बाद कार्यकारिणी ने पुनरीक्षित बजट को पारित कर दिया।
