PNG कनेक्शन नहीं लिया तो 90 दिन बाद रिफिलिंग पर लग सकता है ब्रेक, रडार पर 363 उपभोक्ता

# ## Lucknow

अगर आपके घर तक PNG यानी पाइपलाइन से रसोई गैस की सुविधा पहुंच चुकी है, लेकिन आपने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। रायबरेली में  पाइप से रसोई गैस पहुंचाने की योजना अब उपभोक्ताओं के लिए सिर्फ सुविधा तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को लेकर सख्ती भी शुरू हो गई है।

जिन घरों तक पीएनजी की लाइन पहुंच चुकी है, लेकिन उपभोक्ताओं ने अब तक कनेक्शन नहीं लिया है, उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। पीएनजी समन्वय समिति की बैठक में ऐसे 363 एलपीजी उपभोक्ताओं के मामले सामने आए। जिनकी एलपीजी रिफिल आपूर्ति रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

90 दिन का मिलेगा समय, फिर हो सकती है कार्रवाई

हालांकि, उपभोक्ताओं को तत्काल एलपीजी से वंचित नहीं किया जाएगा। पहले उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा और 90 दिन का समय दिया जाएगा। इस अवधि में पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराने अथवा उचित जवाब नहीं देने पर एलपीजी रिफिल की आपूर्ति बंद कराने की कार्रवाई की जा सकती है। इससे पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में रहने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं की मुश्किल बढ़ सकती है।

अधिकारियों ने क्यों लिया यह फैसला?

उत्तर बीपीसीएल के प्रमुख (गैस) लाला प्रभु ढकोलिया ने बताया कि जिन एलपीजी उपभोक्ताओं के घर तक पीएनजी नेटवर्क पहुंच चुका है और उन्होंने अभी तक पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें नोटिस भेजे जाएंगे। नोटिस की 90 दिन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू नहीं करने पर एलपीजी रिफिल रोकने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक घरों को पाइपलाइन आधारित गैस आपूर्ति से जोड़ना है।

बैठक में कनेक्शन बढ़ाने पर जोर

पीएनजी समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों ने लंबित कनेक्शनों की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ने पर जोर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार से घरों तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में काम तेजी से चल रहा है। बैठक में डीएसओ उबैदुर्रहमान, शैलेंद्र कुमार, उप प्रबंधक (सेल्स-गैस) सुदीप गुप्ता, विशाल कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

7800 घरों तक पहुंचा नेटवर्क

शहर में पीएनजी नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। अब तक करीब 7800 घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि इनमें से करीब 2800 घरों में गैस की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है।

रायबरेली में तेजी से फैल रहा PNG नेटवर्क

नेटवर्क विस्तार के तहत अब तक 201 किलोमीटर गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसके अलावा करीब 130 किलोमीटर पाइपलाइन का काम अभी बाकी है। अधिकारियों को इसे निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।