पट्टी थाना क्षेत्र के बरहूपुर गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसे में मकान का लेंटर गिरने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हादसे के वक्त रामकुमार वर्मा अपने कमरे में सो रहे थे। अचानक लेंटर भरभराकर उनके ऊपर जा गिरा और वह मलबे में दब गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
रात में गूंजी तेज आवाज, दौड़कर कमरे में पहुंचा बेटा
बरहूपुर गांव निवासी रामकुमार वर्मा (55) पुत्र राम अधीन वर्मा मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा भानु प्रताप वर्मा कमरे के बाहर बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहा था।
रात करीब 10 बजे अचानक कमरे से भारी चीज गिरने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर भानु प्रताप तुरंत कमरे की ओर दौड़ा। वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे की छत का लेंटर पूरी तरह ढह चुका था और उसके नीचे उसके पिता रामकुमार दबे हुए थे।
चीख-पुकार सुनकर जुटे ग्रामीण, मलबा हटाकर निकाला
भानु की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर रामकुमार को बाहर निकाला।
इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद रामकुमार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
