ललितपुर में बीफार्मा छात्र की हत्या, पत्थरों से हमला और चाकू से किए कई वार; CCTV में कैद हुई वारदात

# ##

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बीफार्मा छात्र की सरेआम हत्या से सनसनी फैल गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के चौकाबाग मोहल्ले में सोमवार रात बदमाशों ने 25 वर्षीय भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भूपेंद्र शराब की दुकान के अंदर घुस गया, लेकिन आरोप है कि हमलावर उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए और उसे खींचकर बाहर ले आए। इसके बाद पत्थरों से हमला करने के साथ ही चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना शराब की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जान बचाने दुकान में घुसा, हमलावरों ने बाहर खींचा

बताया जा रहा है कि भूपेंद्र पर करीब पांच लोगों ने हमला किया था। हमलावरों से बचने के लिए वह भागकर शराब की दुकान के अंदर पहुंच गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे दुकान के भीतर से बाहर खींच लिया।

इसके बाद सभी ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। पत्थरों से हमला करने के साथ चाकू से भी कई वार किए गए। हमले में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात करीब 9:24 बजे चौकाबाग स्थित शराब की दुकान के सामने एक युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही PRV मौके पर पहुंची और घायल भूपेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू, पुत्र लक्ष्मी प्रसाद, निवासी मसौला, थाना कोतवाली नगर, हाल निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है। भूपेंद्र पहलवान गुरुद्दीन महाविद्यालय में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

ASP ललितपुर कालू सिंह के मुताबिक, मृतक के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

एक आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश के लिए तीन टीमें

पुलिस ने पुंड प्रताप नाम के एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।

सरेआम हुई हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।