उत्तर प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार यानी 19 सितंबर को 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसके लिए लोकभवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के 21 चयनित अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र देंगे, जबकि अन्य 797 अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी।
किन विभागों में मिलेगी सरकारी नौकरी?
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं और आयुष विभाग के चयनित उम्मीदवार शामिल हैं।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें प्लंबर के 31, मैकेनिक (ट्रैक्टर) के छह, वायरमैन के चार और पेंटर (सामान्य) के चार पद शामिल हैं।
इसके अलावा सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर के एक-एक पद पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति मिलेगी। इन नियुक्तियों से प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य और आयुष विभाग में 761 नियुक्तियां
सबसे ज्यादा नियुक्तियां चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष विभाग में होंगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 357 एक्सरे टेक्नीशियन के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।
वहीं आयुष विभाग में कुल 404 अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी। इनमें होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के 361, होम्योपैथिक प्रोफेसर के चार, आयुर्वेद प्रोफेसर के पांच, आयुर्वेद रीडर के 22, यूनानी प्रोफेसर के एक, यूनानी रीडर के एक और यूनानी लेक्चरर के 10 पद शामिल हैं।
इसके अलावा उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
