नवोदय परिवार ने 200 से अधिक सेवानिवृत्त गुरुजनों को किया सम्मानित, गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प

Lucknow
  • नवोदय परिवार ने 200 से अधिक सेवानिवृत्त गुरुजनों को किया सम्मानित, गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प

लखनऊ, 13 सितंबर। नवोदय परिवार के तत्वावधान में होटल डैमसन प्लम, सुशांत गोल्फ सिटी में द्वितीय नवोदय विद्यालय सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन हुआ। समारोह में देश-विदेश से पहुंचे नवोदय विद्यालय के 200 से अधिक सेवानिवृत्त उपायुक्त, सहायक उपायुक्त, प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, नवोदय गीत और गणेश वंदना से हुआ। बीबीएयू की आईटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजश्री पांडेय और सशस्त्र सीमा बल के डिप्टी कमांडेंट अवनीश चौबे ने संचालन किया।

गुरुजनों के योगदान और नवोदय के संस्कारों को किया याद
वरिष्ठ शिक्षक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी संयोजक जीपी मिश्रा ने नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा और गुरुजनों के योगदान पर प्रकाश डाला। पूर्व उपायुक्त उमेश चंद्र बाजपेई, पूर्व प्राचार्य जेएस चौहान और पूर्व उपायुक्त एस. राम ने नवोदय से जुड़े संस्मरण साझा किए। पूर्व छात्रों की ओर से उत्तर प्रदेश एटीएस के मुखिया एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रेम कुमार गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव सूर्यपाल गंगवार, डीआईजी/जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर लखनऊ बबलू कुमार, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद तथा विशेष सचिव वन जग प्रवेश समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने नवोदय विद्यालय से मिले संस्कार, अनुशासन और शिक्षा को अपने जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी बताया।

आईएएस-आईपीएस से लेकर डॉक्टर और उद्योग जगत के पूर्व छात्र हुए शामिल
समारोह में आईएएस, आईपीएस, चिकित्सक, शिक्षाविद, उद्योग जगत और विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े अनेक पूर्व छात्र शामिल हुए। उपस्थित न हो पाने वाले पूर्व छात्रों ने वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा कीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गणेश वंदना, समूह गान, समूह नृत्य और एकल गायन ने समारोह में विशेष रंग भरा। आयोजन समिति के सदस्य वेद प्रकाश राय ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सेवानिवृत्त गुरुजनों के सम्मान तक सीमित नहीं, बल्कि नवोदय परिवार को एक सूत्र में जोड़ने और वर्तमान पीढ़ी तक गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार एवं अनुशासन पहुंचाने का सतत प्रयास है।

नवोदयन साथियों ने लिया परंपरा को और मजबूत करने का संकल्प
समारोह के अंत में नवोदयन साथियों ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में आयोजन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। समारोह ने यह संदेश दिया कि नवोदय केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि गुरुजनों के संस्कारों से निर्मित ऐसा परिवार है, जिसकी आत्मीयता पीढ़ियों को जोड़ती है और गुरु-शिष्य परंपरा समय के साथ और मजबूत होती जा रही है।