ड्राइवर ही निकला हत्यारा! लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह मर्डर केस में बड़ा खुलासा

# ## Lucknow

लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि उनके ड्राइवर रवि ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक, धीरेंद्र को दो गोलियां एक सिर में और दूसरी पेट में मारी गईं. हत्या के बाद आरोपी ने कहानी गढ़कर परिवार और पुलिस दोनों को गुमराह करने की कोशिश की.

झूठी कहानी से किया गुमराह

वारदात के दिन रवि ने धीरेंद्र के परिवार को बताया कि वे दोस्तों के साथ प्लासियो मॉल गए हैं और देर से लौटेंगे. उसने पुलिस को भी यही बयान दिया. इस आधार पर जांच शुरू हुई लेकिन जल्द ही पुलिस को शक होने लगा.

CCTV ने खोला राज

पुलिस ने प्लासियो मॉल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला. वहां न तो धीरेंद्र दिखे और न ही उनकी गाड़ी. फुटेज और रवि के बयान में अंतर मिलने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में रवि के जवाब उलझे हुए मिले और आखिरकार उसने हत्या की बात कबूल कर ली.

मोबाइल से बनाई भ्रम की स्थिति

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद रवि ने धीरेंद्र का मोबाइल ट्रेन में रख दिया ताकि लोकेशन बदलती रहे और जांच भटक जाए. शुरुआती जांच में मोबाइल की बदलती लोकेशन से भ्रम पैदा हुआ लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी ने सच्चाई सामने ला दी.