आगरा की नक्काशी देख वाह ताज बोले जापानी, ब्रज ने मोहा मन; अब लखनऊ के नवाबी खानपान को चखेगा डेलिगेशन

# ## Agra Zone

आगरा ब्रज की परंपरागत संस्कृति, आत्मीय स्वागत और ताजमहल की भव्यता के बीच जापान के यामानाशी प्रांत के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की पर्यटन यात्रा शुरू की। मोर नृत्य और बम रसिया की प्रस्तुतियों ने जापानी मेहमानों को ब्रज की संस्कृति से परिचित कराया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल का दीदार किया और उसकी स्थापत्य कला व बारीक कारीगरी की सराहना की।

ताज की कारीगरी ने किया प्रभावित

यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी और उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल गलगोटियास विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आगरा पहुंचा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और पर्यटन विभाग की महानिदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने जयपी पैलेस में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसके बाद जापानी मेहमान ताजमहल पहुंचे। ताजमहल देखने के बाद गवर्नर कोटारो नागासाकी ने कहा कि उन्होंने ताजमहल को इस बार करीब से देखा, इसकी बारीक कारीगरी को महसूस करना अलग अनुभव रहा। उन्होंने ताज की भव्यता और स्थापत्य की बारीकियों की प्रशंसा की।

स्थानीय संस्कृति से हुई यात्रा की शुरुआत

यामानाशी के उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा ने कहा कि ब्रज यात्रा की शुरुआत सीधे किसी पर्यटन स्थल से न होकर स्थानीय संस्कृति के अनुभव से होना खास रहा। यामानाशी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष काजुहिको नाकामुरा ने भी यात्रा की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और स्थलों को समझने पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर दिया।

आगरा से लखनऊ और पूर्वांचल तक सफर

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा जापानी प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा का पहला पड़ाव है। ताजमहल के बाद प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में अवधी संस्कृति, खानपान और आतिथ्य से परिचित होगा। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी समेत महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेगा, जहां प्रदेश की बौद्ध और आध्यात्मिक विरासत से मेहमानों को रूबरू कराया जाएगा।