Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बने लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर स्लिपेज (सड़क धंसने) की खबर सामने आई है. बताया जा रहा कि एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 30 के पास सड़क का एक हिस्सा में क्षतिग्रस्त दिखाई दिया. इस घटना के बाद एक्सप्रेस-वे की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पूरी तरह सुरक्षित है. केवल एहतियात के तौर पर मरम्मत का काम किया जा रहा है.
17 दिन में दूसरी बार सामने आई समस्या
लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करीब 17 दिन पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था. उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद पहली बारिश में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 64 के पास सड़क पर स्लिपेज की समस्या सामने आई थी. उस समय निर्माण एजेंसी ने प्रभावित हिस्से की मरम्मत कर पैचवर्क किया था.
अब दोबारा किलोमीटर संख्या 30 के पास करीब 15 से 20 मीटर क्षेत्र में सड़क पर स्लिपेज जैसी स्थिति दिखाई देने से लोगों के बीच निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
