Miyazaki Mango India: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के किसान संदीप चौधरी ने अपनी मेहनत से दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिने जाने वाले मियाजाकी आम को नई पहचान दिलाई है. गुजरात के सूरत के व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने संदीप से सिर्फ चार आम, यानी एक किलो मियाजाकी आम, 2 लाख 11 हजार रुपये में खरीदे हैं. बताया जा रहा है कि भारत में पहली बार किसी खरीदार ने इस किस्म के आम के लिए इतनी बड़ी रकम चुकाई है. खास बात यह है कि गुप्ता ने यह आम अपनी मां के नाम पर खरीदा है.
भाव घटाकर किया सौदा
संदीप चौधरी ने बताया कि शुरुआत में यह डील 3.5 लाख रुपये में तय हुई थी. लेकिन जब उन्हें पता चला कि खरीदार यह आम अपनी मां को समर्पित करना चाहते हैं, तो उन्होंने कीमत घटाकर 2 लाख 11 हजार रुपये कर दी. सौदे के तहत 1 लाख 11 हजार रुपये ऑनलाइन मिल चुके हैं, जबकि बाकी 1 लाख रुपये आम की डिलीवरी के समय 1 अगस्त को दिए जाएंगे. पिछले साल भी गुप्ता यह आम खरीदना चाहते थे लेकिन उस समय संदीप ने यह आम मुख्यमंत्री को भेजे थे.
तीन साल की मेहनत का फल
संदीप ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले मियाजाकी आम की खेती शुरू की थी. उनका मानना था कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ महंगी और विशेष फसलों की ओर भी बढ़ना चाहिए ताकि आय में इजाफा हो सके. शुरुआत में कई लोगों ने उनका मजाक उड़ाया और कहा कि आम लाखों में नहीं बिक सकता. लेकिन अब उनकी मेहनत रंग लाई है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस बिक्री से मिली रकम का 10 प्रतिशत हिस्सा गरीबों की मदद में खर्च करेंगे.
क्या है आम की खासियत?
मियाजाकी आम अपनी लाल-बैंगनी रंगत, बेहतरीन स्वाद और पोषण गुणों के कारण दुनिया का सबसे महंगा आम माना जाता है. इसमें सामान्य आमों की तुलना में ज्यादा विटामिन-ए, विटामिन-सी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे ‘सनशाइन मैंगो’ भी कहा जाता है.
किसानों के लिए संदेश
संदीप चौधरी ने अन्य किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ ऑर्गेनिक और उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर भी ध्यान दें. उनका कहना है कि अगर किसान सिर्फ धान और गन्ने तक सीमित रहेंगे, तो आय बढ़ाना मुश्किल होगा. खेती में बदलाव और नई तकनीक अपनाना ही किसानों की आय बढ़ाने का सबसे प्रभावी तरीका है.
