Bareilly News : कामधेनु गौशाला पर गरजा BDA का बुलडोजर, विरोध के बीच पुलिस छावनी बना मौलानगर

# ## Bareilly Zone

बरेली के प्रेमनगर इलाके में मंगलवार को बीडीए की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पार्क की सरकारी भूमि पर बने कामधेनु गौशाला के भवन पर बुलडोजर चला दिया गया। यह गौशाला महामंडलेश्वर संजीव गौड़ के संरक्षण में संचालित बताई जा रही है। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कुछ पल के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि यहां भारी पुलिस बल तैनात था। नोकझोंक के बीच बीडीए की टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त कर, जमीन कब्जा मुक्त करा ली है।

बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के मुताबिक मौलानगर में पार्क की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। बीडीए ने जांच कराई। उसके बाद यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

मंगलवार को टीम मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति को ध्यान में रखते हुए मौलाना नगर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही बीडीए का बुलडोजर पहुंचा, उसका विरोध शुरू हो गया।

बीडीए टीम के साथ हल्की नोकझोंक भी सामने आई। पर्याप्त पुलिस बल होने के कारण स्थिति नियंत्रित रही और टीम ने उन्हें समझाकर शांत कर दिया। बीडीए ने यहां निर्माण ध्वस्त कर करीब 500 गज भूमि को कब्जा मुक्त कराया है।

स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि पार्क की भूमि पर कब्जा करके गौशाला बना दी गई थी। बच्चे खेलने से भी वंचित थे। मुहल्ले में काफी अरसे से इस अतिक्रमण को लेकर अंदरखाने विरोध पनप रहा था और शिकायतें हो रही थीं। इसी क्रम में बीडीए से शिकायत के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सामने आई है।