श्रावस्ती। इकौना थाना क्षेत्र में गल्ला व्यापारी की दुकान से हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की रकम में से 70 हजार रुपये बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है।
चावल खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के पयागपुर स्थित इकौना रोड बस स्टॉप निवासी दिलीप जायसवाल पुत्र महादेव प्रसाद जायसवाल इकौना क्षेत्र के ग्राम भामेपारा के मजरा इटवारिया में गल्ले का कारोबार करते हैं। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम एक व्यक्ति चावल खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा और बातचीत में व्यापारी को उलझाकर काउंटर में रखे 89 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसओजी और सर्विलांस टीम ने की कार्रवाई
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने इकौना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम को लगाया था। टीम ने जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को इकौना के गोविंदपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 70 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं छह मुकदमे
सीओ इकौना आलोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान खालिक मोहम्मद पुत्र औलाद पेंटर, निवासी लक्ष्मननगर, थाना सोनवा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही बहराइच के दरगाह शरीफ, भिनगा, सोनवा और गिलौला थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी कर सोमवार को उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
