बहराइच में गरजे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- ‘गौमाता’ को राज्य माता घोषित करे सरकार, अधूरे वादों पर जताई नाराजगी

# ## Gorakhpur Zone

बहराइच। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को बहराइच का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौसंरक्षण के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार गाय को महज एक पशु मानती है, जबकि सनातन परंपरा में गाय को पूजनीय गौमाता का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने सरकार से कड़ी मांग की कि गाय को तुरंत ‘राज्य माता’ घोषित किया जाए। शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार आज ही यह घोषणा कर देती है, तो उनकी गौरक्षा यात्रा यहीं समाप्त हो जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विपक्ष का समर्थन करने के आरोपों पर करारा जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनका रुख पूरी तरह से राजनीति से परे है और वे केवल गौमाता का समर्थन करते हैं। यदि गौमाता की रक्षा की बात करना समाजवादी पार्टी का समर्थन करना माना जाता है, तो उन्हें यही स्वीकार है। जो भी दल गौमाता के संरक्षण के लिए आगे आएगा, वे उसका खुलकर साथ देंगे।

उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा ने गौरक्षा का वादा किया था, जिसके कारण पहले उन्हें समर्थन मिला था, लेकिन यदि सरकार इस मोर्चे पर विफल साबित होती है, तो उनके समर्थन को जारी रखने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि हिंदू समाज ने गौरक्षा की भावना से मतदान किया था, परंतु आज भी गौवंश की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। इसीलिए वे इस अभियान की नई शुरुआत बहराइच की धरती से कर रहे हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर चंपत राय की क्लीन चिट को नकारा

राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले पर बोलते हुए शंकराचार्य ने तीखा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी की घटना तो हुई है, लेकिन इस पर अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई की गई है और न ही आगे इसकी कोई उम्मीद दिखाई दे रही है। चंपत राय को मिली क्लीन चिट के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी को भी क्लीन चिट देने का असली अधिकार जनता के पास है और जनता ने अभी तक इस मामले में किसी को दोषमुक्त नहीं माना है।

महसी में गूंजा गौ और सनातन रक्षा का संकल्पइससे पहले, जनपद के महसी विधानसभा क्षेत्र के चेतरा बाग स्थित हनुमान मंदिर दरबार में ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान सैकड़ों पदाधिकारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण, पुष्पवर्षा और पादुका वंदन कर गौ, ब्राह्मण व सनातन धर्म रक्षा का आशीर्वाद लिया। पूरा क्षेत्र बजरंगबली और शंकराचार्य के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद बहराइच के जिलाध्यक्ष पुंडरीक पाण्डेय, संरक्षक रमेश तिवारी, तेजवापुर मंडल संरक्षक उमाशंकर पाण्डेय, अध्यक्ष प्रद्युम्न त्रिपाठी, महामंत्री शिव नंदन शुक्ल और उपाध्यक्ष परदेसी बाबू समेत एकादश सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पवर्षा कर शंकराचार्य को रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किया।

इस अवसर पर सनातन धर्म और गौ रक्षा के संकल्प के साथ महसी विधानसभा का चप्पा-चप्पा गूंज उठा। गली-नुक्कड़, चौक-चौराहों और गांवों में यह संदेश गया कि सनातन द्रोहियों को सबक सिखाने के लिए लोग तन-मन-धन से गौ रक्षार्थ धर्मयज्ञ से धर्मयुद्ध तक समर्पित भाव से जुटेंगे और शंकराचार्य की अक्षौहिणी सेना के धर्मसैनिक के रूप में कार्य करेंगे।