Barabanki Accident: ऑटो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, महिला समेत छह घायल, दो की हालत गंभीर

# ## Lucknow

फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर बुधवार सुबह गणेश पुरवा गांव के निकट एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। सवारियों से भरा सीएनजी ऑटो रिक्शा और सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर की ओर से सवारियां लेकर सूरतगंज जा रहा सीएनजी ऑटो रिक्शा गणेश पुरवा गांव के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में बाइक सवार और ऑटो में बैठे यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 108 और 102 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया गया।

दुर्घटना में बाइक से दवा लेने फतेहपुर आ रही रिंकी शुक्ला (35) पत्नी रामगोपाल शुक्ला तथा उनके पुत्र आंचल शुक्ला (18) निवासी कुड़वा बल्लोपुर, थाना मोहम्मदपुर खाला गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार अनस (18) पुत्र मोहम्मद सलमान निवासी मिर्दही मोहल्ला, कस्बा फतेहपुर, कंगना (32) पत्नी गुड्डू, उनका छह वर्षीय पुत्र शुभम निवासी एंडौरा तथा ऑटो चालक शरीफ (50) पुत्र अजीम उल्ला निवासी सूरतगंज भी घायल हो गए।