गोंडा, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात युवक ने फोन कर उन्हें और उनके पिता को हत्या की धमकी दी। मामले की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तरफ से नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक 14 जून को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक के मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन उठाते ही दूसरी ओर से युवक ने कहा, “तुम्हें और तुम्हारे पिता दोनों को जान से मारने का इंतजाम हो चुका है। खुद को बचा सकते हो तो बचा लो।” करीब 35 सेकेंड तक चली बातचीत के बाद कॉल काट दी गई।
धमकी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की तकनीकी टीम को जांच में लगाया गया। विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तहरीर में कहा गया है कि विधायक और उनका परिवार पूर्व से विभिन्न आपराधिक गिरोहों एवं असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को मिली यह धमकी गंभीर सुरक्षा चुनौती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, वह राजस्थान के अलवर जिले के मांडावार क्षेत्र निवासी संदीप शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद ही धमकी देने के पीछे की वास्तविक वजह और मंशा स्पष्ट हो सकेगी।
Y+ श्रेणी सुरक्षा से लैस हैं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। वह 6 बार सांसद रह चुके हैं। उनके बेटे प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक हैं। दूसरे बेटे करन भूषण सिंह कैसरगंज से सांसद हैं। प्रतीक और करन की सुरक्षा में भी पुलिसकर्मी तैनात हैं।
