जिलाबदर अपराधियों को मोहनलालगंज पुलिस ने किया गिरफ्तार

Lucknow
  • धीरज तिवारी मोहनलालगंज

लखनऊ। राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मोहनलालगंज पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में थाना मोहनलालगंज पुलिस टीम ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) द्वारा जिलाबदर घोषित दो अपराधियों को आदेश का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र में पाए जाने पर गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 27-28 मई 2026 की रात कनकहा मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम फत्तेखेड़ा निवासी मोहित कुमार और सारिख खान उर्फ शारिक, जिनके विरुद्ध जिला निकासन की कार्रवाई चल रही है, चोरी-छिपे अपने घर आते-जाते रहते हैं और वर्तमान समय में घर पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव पहुंचकर दोनों आरोपियों को मोहित कुमार के घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहित कुमार पुत्र जगजीवनराम तथा सारिख खान उर्फ शारिक पुत्र संजय खान शामिल हैं। दोनों के खिलाफ पूर्व में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिला बदर का आदेश जारी किया गया था। पूछताछ में सारिख खान ने बताया कि वह बकरीद का त्योहार मनाने घर आया था, जबकि मोहित कुमार अपनी पत्नी से मिलने पहुंचा था। बिना सक्षम अनुमति जिले में प्रवेश करना कानून का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 3/10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक निमेष दूबे, उपनिरीक्षक मंगल यादव तथा कांस्टेबल चन्द्रमौली यादव शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।