कृष्णानगर मुठभेड़: 25 हजार का इनामिया बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया

Lucknow
  • कृष्णानगर मुठभेड़: 25 हजार का इनामिया बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया

लखनऊ। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि देर रात चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामिया शातिर अपराधी विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से चोरी और अन्य संगीन अपराधों में सक्रिय था और क्षेत्र में अपराध का पर्याय बना हुआ था।

कृष्णानगर थाना में वर्ष 2026 में दर्ज तीन चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक द्वारा चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए करीब 500 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसमें तीन अभियुक्तों की पहचान हुई। इनमें से एक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि विपिन और उसका साथी कुलदीप यादव फरार चल रहे थे।

इसी क्रम में 10 अप्रैल की देर रात डूडा कॉलोनी, मानसनगर रोड स्थित आशाराम आश्रम के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त विपिन पुत्र गंगाराम, जनपद उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगेस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसका साथी कुलदीप यादव भी 25 हजार रुपये का इनामिया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अभियुक्त के पास से एक 315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, पीली धातु की चेन व अंगूठियां तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान हाल की चोरी की घटनाओं से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है और फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।