भाजपा स्थापना दिवस पर गौरव सम्मान समारोह आयोजित

Lucknow
  • भाजपा स्थापना दिवस पर गौरव सम्मान समारोह आयोजित

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर एवं जिला लखनऊ द्वारा वसंत कुंज स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर भव्य गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों को भावपूर्ण तरीके से स्मरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत माता, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन कर की गई, इसके बाद पार्टी ध्वज फहराया गया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, स्वतंत्र देव सिंह, केशव प्रसाद मौर्य, लक्ष्मी कांत बाजपेई, रमापति राम त्रिपाठी, विनय कटियार, कलराज मिश्र एवं राजनाथ सिंह के वर्चुअल संदेश भी प्रसारित किए गए। जनसंघ काल से जुड़े तीन सौ से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अंगवस्त्र, टोपी एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया, जिससे पूरा वातावरण गौरव और सम्मान से भर उठा।

इस दौरान पार्टी के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के दुर्लभ चित्रों का प्रदर्शन किया गया तथा एक लघु फिल्म के माध्यम से जनसंघ से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को दर्शाया गया। अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और आज पार्टी का विस्तार लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दो सीटों से शुरू हुई पार्टी आज देश के अधिकांश राज्यों में अपनी सरकार के साथ सशक्त रूप में खड़ी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही, जिससे स्थापना दिवस का यह आयोजन ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बन गया।