Bareilly : सऊदी अरब में भीड़ जुटने पर हिरासत में लिए गए काजी-ए-हिंदुस्तान समेत कई जायरीन

# ## Bareilly Zone

सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों के मरकज आला हजरत खानदान की एक बड़ी शख्सियत और दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां को) सहित कई जायरीनों को सऊदी अरब में कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की खबर है। ऐसा कहा जा रहा है कि अधिक भीड़ जुटने की वजह से सऊदी पुलिस ने ऐसा किया है। जानकारी के लिए लोग बरेली दरगाह और आलिमों को फोन लगा रहे हैं।

हालांकि जमात जमात रजा-ए-मुस्तफा के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने फिलहाल मामले को अफवाह करार देते हुए कहा है कि हजरत की फ्लाइट 13 मार्च को है और वह 14 मार्च को घर आ जाएंगे। दूसरी ओर, ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मामले की निंदा करते हुए भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, 23-24 फरवरी को मुफ्ती असजद मियां, उलमा की टीम के साथ उमरा के लिए सऊदी अरब गए हुए थे। रामपुर, मुरादाबाद, मुंबई आदि जगहों से भी जायरीन गए थे। सऊदी अरब में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। खबर है कि अधिक भीड़ जुटने की सूचना पर अरब पुलिस पहुंच गई और वहां मौजूद बरेलवी उलेमा के साथ कई जायरीनों को हिरासत में ले लिया।

बता दें कि ईरान-इजराइल,अमेरिका जंग के चलते सऊदी अरब सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे हैं। जमात के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने बताया कि सज्जादानशीन के दुनियाभर में मुरीद हैं। उनके पहुंचने की खबर से वहां भारी तादाद में लोग पहुंच गए। ऐसी स्थिति में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो जाती है।