एएमयू के छात्रों ने मोदी, अमित शाह व नागरिकता कानून को लेकर मुर्दाबाद के नारे लगाए

Agra Zone UP

अलीगढ़।(www.arya-tv.com) नागरिकता कानून के विरोध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) शुक्रवार को भी गरमाता रहा। छात्रों ने चार घंटेे हंगामा किया। जामा मस्जिद से कलक्ट्रेट तक महारैली के रूप जाने की जिद पर अड़े छात्रों को कैंपस में ही रोका तो वे बेकाबू हो गए। पुलिस फोर्स से टकराव के हालात बन गए।

काले झंडे दिखाए और बाबे सैयद पर बैरिकेडिंग तोड़ प्रशासनिक भवन की ओर चल दिए। प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की तक हुई। इस बीच डीएम चंद्रभूषण सिंह गिरने से बचे। उन्होंने बमुश्किल छात्रों को रोककर ज्ञापन लिया। इसके बाद भी छात्रों ने बाबे सैयद पर देर शाम तक धरना दिया।

छात्र दोपहर दो बजे जुमे की नमाज के बाद कलक्ट्रेट जाकर डीएम को ज्ञापन सौंपना चाह रहे थे। डीएम बाबे सैयद गेट पर ज्ञापन लेने पहुंचे, फिर भी छात्र महारैली निकालने की जिद पर अड़े रहे। छात्रों ने मोदी, अमित शाह व नागरिकता कानून मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। बारिश होने पर भी छात्र डटे रहे। बैरिकेडिंग के एक तरफ छात्र व दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन था। पुलिस ने पूरे कैंपस को चारों ओर से छावनी में तब्दील कर दिया था।

 जुमे की नमाज के चलते शहर में पुलिस ने खास सर्तकता बरती। बसपा के मेयर फुरकान अहमद ने भी मार्च निकालने की घोषणा की थी, लेकिन प्रशासन ने परमीशन नहीं दी। उनके घर पर ही एसीएम प्रथम कुलदेव सिंह ने ज्ञापन लिया। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार रात 12 बजे से बंद की गई इंटरनेट सेवा शुक्रवार देर शाम बहाल कर दी गई।

एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि रात में भी एएमयू सर्किल पर फोर्स तैनात रहेगा। कैंपस के बाहर किसी को भी अराजकता नहीं फैलाने दी जाएगी। किसी ने प्रयास भी किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एएमयू रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद का कहना है कि छात्रों को बाबे सैयद पर रोका गया था। ज्ञापन देने के फेर में प्रशासनिक भवन तक पहुंच गए। इंतजामिया पूरे प्रकरण पर निगाह बनाए हैं। कोई अशांति फैलाने की कोशिश करेगा तो कार्रवाई भी होगी।