सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने नियम 301 के अंतर्गत जनहित का मुद्दा सदन में उठाया, सूचना स्वीकार

Lucknow
  • सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने नियम 301 के अंतर्गत जनहित का मुद्दा सदन में उठाया, सूचना स्वीकार
  • नियम 301 के तहत सरोजनीनगर की आवाज़ बुलंद, डॉ. राजेश्वर सिंह की सूचना सदन में स्वीकार
  • विस्तारित क्षेत्र के विकास का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल को मिली स्वीकृति
  • डॉ राजेश्वर सिंह ने जनहित के प्रश्न पर सरकार का ध्यान किया आकृष्ट, सरोजनीनगर के लिए अतिरिक्त बजट की मांग

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नियम 301 के अंतर्गत अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण जनहितकारी मुद्दे को प्रभावशाली ढंग से सदन में उठाया। सदन द्वारा उनकी सूचना को स्वीकार कर लिया गया, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने वक्तव्य में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर विस्तारित क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की 36 ग्राम पंचायतें नगर निगम लखनऊ के विस्तारित क्षेत्र में सम्मिलित हो गयी हैं, जिसके कारण लंबे समय से उन गाँवों का विकास कार्य बाधित रहा है।, लेकिन अभी तक वहाँ सड़क, नाली, सीवर लाइन एवं पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है।

उन्होंने सदन में स्पष्ट किया कि सरोजनीनगर क्षेत्र एयरपोर्ट के निकट होने के कारण रणनीतिक और निवेश की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में विस्तारित क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण न केवल स्थानीय निवासियों की आवश्यकता है, बल्कि प्रदेश की छवि और विकास के लिए भी अनिवार्य है।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरकार से इन क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त धनराशि आवंटित करने की मांग की, ताकि वर्षों से लंबित बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

सदन द्वारा सूचना स्वीकार किए जाने पर क्षेत्रवासियों में आशा और विश्वास का वातावरण है कि शीघ्र ही विकास कार्यों को गति मिलेगी और सरोजनीनगर के विस्तारित क्षेत्रों को भी राजधानी के अनुरूप आधुनिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी।