यूपी में भी पड़ेगा दितवाह तूफान का प्रभाव, आज से सर्दी दिखाएगी सख्त मिजाज

# ## UP

उत्तर प्रदेश में सोमवार यानि 1 दिसंबर से सर्दी अपना और सख्त मिजाज दिखाने जा रही है। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, इटावा, बरेली, मुजफ्फरनगर समेत कई अन्य जिलों में जहां शीतलहर का अलर्ट जारी किया है तो वहीं कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। इस बीच तूफान दितवाह का प्रभाव भी अब उत्तर प्रदेश तक पहुंचने लगा है। ऐसे में अगले 48 घंटों में बादल छा सकते हैं, जिससे दिन का तापमान गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 1 दिसंबर से ठंड की रफ्तार बढ़ेगी। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा सकता है और अधिकतम तापमान लुढ़क कर 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। उधर, दक्षिण भारत में भारी बारिश कराने वाला तूफान अब उत्तर भारत के मौसम में भी बदलाव ला सकता है।

चक्रवाती तूफान दितवाह धीरे-धीरे उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश के आसमान में ऊंचाई वाले बादल नजर आएंगे। हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन बादलों की मौजूदगी से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दितवाह तूफान श्रीलंका से उठा है जो बंगाल की खाड़ी में रौद्र रूप ले चुका है और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश करा रहा है। इसका असर उत्तर भारत तक भी पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तूफान की दिशा और गति अभी बदल रही है, इसलिए उत्तर प्रदेश पर इसका कितना असर पड़ेगा, यह साफ नहीं है। फिर भी माना जा रहा है कि ऊंचे बादल और हल्की ठंडी हवाएं दिन के तापमान को नीचे ला सकती हैं।

इससे पहले शनिवार को कानपुर में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रहा, वहीं इटावा में 8 डिग्री सेल्सियस, बरेली में 9 डिग्री सेल्सियस और हरदोई व बुलंदशहर में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह ठंड बढ़ने के बावजूद दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 28.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम में उतारचढ़ाव 20 नवंबर से लगातार जारी है, लेकिन इसका कोई गंभीर प्रभाव अभी तक देखने को नहीं मिला है।