रामपुर: अवैध कब्जे का विरोध करने पर महिला को पीटा, दो गुटों के बीच मारपीट में आठ घायल

# ## UP

 जमीन पर मकान बनाकर कब्जा करने का विरोध दबंगों ने महिला को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल महिला की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव पैगम्बर पुर निवासी महिला बब्ली पत्नी झांझन की गांव में ही जमीन है। महिला का आरोप है 17 अक्टूबर को उसके भतीजों द्वारा मकान बनाकर कब्जा किया जा रहा था। उसने विरोध किया तो इसी बात से नाराज होकर संजीव, अजय, शांति देवी और अनीता ने मिलकर महिला के साथ मारपीट कर दी। गाली-गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। किसी तरह बीच बचाव कर महिला को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया, उसका इलाज हो रहा है।

चार भाईयों को पीटकर किया लहूलुहान
रंजिश के चलते घर में घुसकर चार भाइयों पर तमंचे के बल पर धारदार हथियारों और लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।चिकित्सक ने घायलों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया है। कोतवाली के गांव अब्बास नगर कोयली निवासी राजू, सतपाल, जसपाल और बंटी पर रंजिश के चलते शुक्रवार रात गांव के ही दबंगों ने अचानक घर पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने तमंचे के बलपर घर में घुसकर चारों भाइयों पर धारदार हथियारों एवं लाठी डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के भाई ने पुलिस दो को नामजद कर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है

दो गुटों में जमकर हुई मारपीट 8 घायल
अजीमनगर थाना क्षेत्र के बगड़खा गांव में पटाखे छोड़ने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के बगड़खा के मझरे का है। 2 दिन पहले दिवाली पर पटाखे छोड़ने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। दोनों गुटों के लोग एक दूसरे के दरवाजे पर जाकर पटाखे छोड़ रहे थे। दिवाली के दिन तो ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत कर दिया, लेकिन दो दिन बाद दोनों गुट के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए। मामले ने तूल पकड़ा तो मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों गुटों के लोगों ने लाठी डंडे लेकर एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

दो गुटों में मारपीट की सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। चंद मिनट में थाना अध्यक्ष कर्म सिंह पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को आता देख दोनों गुट के लोग मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा करने के बाद छह आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक गुट का विजय उर्फ गोपी, दिनेश,दूसरे गुट के विपिन, ब्रजकिशोर, बिजेंदर और विनोद शामिल हैं। मारपीट में दोनों गुट के करन सिंह, बिजेंदर, विनोद, संजय, निक्कू, गोपी, शिशुपाल और दिनेश घायल हो गए। पकड़े गए सभी आरोपियों को पुलिस थाने ले आई। पुलिस ने दोनों गुट के घरों पर दबिश दी, लेकिन सभी लोग घर से फरार मिले। थाना अध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया पकड़े गए सभी आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर कानूनी कार्यवाही की गई है।