अयोध्या में प्रतिघंटा एक सेमी बढ़ रहा है सरयू का जलस्तर :बाढ़ अलर्ट जारी

# ## UP

(www.arya-tv.com) अयोध्या में रविवार शाम से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रिमझिम बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने भी राहत की सांस ली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या,गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर समेत कई जनपदों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। आगामी 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश के अनुमान हैं। बहराइच के कतर्नियाघाट स्थित सरयू बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ जाने के बाद एक बार फिर शुरू का जलस्तर बढ़ने लगा है। जिसके देखते हुए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

लंबे इंतजार के बाद सक्रिय हुआ मानसून 

कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद मानसून सक्रिय हुआ है। जिसके चलते करीब चार दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या मंडल और देवीपाटन मंडल में अच्छी बारिश की संभावना है। शनिवार से ही आसमान में मानसून सक्रिय होने लगा था। कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई थी। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश रिमझिम बारिश के रूप में तब्दील हो गई। जिसके चलते पूरी रात बारिश होती रही। यह सिलसिला सुबह तक जारी रहा।

जलस्तर में भारी इजाफा होने की संभावना
सोमवार सुबह सरयू का जल स्तर अयोध्या में 92.50 सेमी रिकॉर्ड किया गया। जो खतरे के निशान से 28 सेमी. नीचे है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अधिकारियों के अनुसार आगामी 24 घंटा जलस्तर में भारी इजाफा होने की संभावना है। जलस्तर में प्रतिघंटा एक सेमी का इजाफा हो रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अयोध्या प्रभारी डॉ अमन चौधरी ने बताया कि बहराइच के कतर्नियाघाट घाट स्थित गिरिजा बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी पिछले 24 घंटे में छोड़ा जा चुका है। इसके अलावा भी प्रतिघंटे निश्चित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप आने वाले एक से दो दिन में नदी के जलस्तर में भारी इजाफा होने के आसार है। जिसे देखते हुए सरयू नदी के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इसलिए प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई है। ताकि बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए पहले से इंतजाम किया जा सके।