अमिताभ बच्चन को शुक्रवार की देर रात मुंबई के नानावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब घर आने के दो दिन बाद अमिताभ का एक और ट्वीट वायरल हो रहा है। अमिताभ के इस ट्वीट से साफ जाहिर है कि उन्हें अपने फैंस की बहुत फिक्र है। आप सभी जानते हैं कि अमिताभ हर रविवार की सुबह अपने घर जलसा के बाहर अपने फैंस से मिलते हैं। लेकिन इस बार ये संभव नहीं हो पाया।
इसलिए बिग बी ने अपने फैंस से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए एक ट्वीट किया। बिग बी ने लिखा- “मैंने मना किया, इसके बाद भी लोग रविवार को मिलने के लिए आ गए। मैं माफी मांगता हूं, बाहर नहीं आ सकता।” अमिताभ बच्चन का ये ट्वीट खूब पसंद किया जा रहा है।
फैंस ट्वीट कर उनकी सलामती की कामना कर रहे हैं। अपने इस ट्वीट में अमिताभ बच्चन ने कुछ फोटो भी साझा की है, जिसमें लोग अमिताभ बच्चन से मिलने के लिए जलसा के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। लोग बिग बी के इस ट्वीट पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। बता दें आज महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव है। ऐसे में देखना ये है कि बिग बी वोट देने के लिए जाते हैं या नहीं।
बता दें मंगलवार रात से ये खबर चल रही थी कि तबीयत बिगड़ने के बाद अमिताभ बच्चन को नानावती अस्पताल में भर्ती किया गया। उन्हें आईसीयू में रखे जाने का दावा भी किया गया था। इसके बाद अमिताभ ने पोस्ट में लिखा था- सभी की निजता का सम्मान होना चाहिए। बीमारी और इलाज निजी चीजें हैं। इसका उल्लंघन गलत है। इसका सम्मान करिए। दुनिया में हर चीज बिकने के लिए नहीं होती है। सभी को मेरा प्यार और आभार। उन सभी के लिए जो देखभाल पर विचार करते हैं, जो चिंता करते हैं और मेरे लिए प्रार्थना करते हैं, शुक्रिया।’ बता दें कि अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट कर रहे हैं।
