INDvSA: रोहित शर्मा ने दोहरा टेस्ट शतक जड़ तोड़े कई विश्व रिकॉर्ड्स

Game

भारत-दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक ठोक दिया है। टेस्ट के पहले दिन रोहित ने शानदार शतक जड़ा था। रोहित इस सीरीज में दो शतक जड़ चुके हैं और आज अपने तीसरे शतक को दोहरे में तब्दील किया। रोहित ने इस मैच में अपने टेस्ट करियर के दो हजार रन भी पूरे कर लिए हैं और साथ ही टेस्ट मैच की एक सीरीज में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। रोहित ने अपनी डबल सेंचुरी में 28 चौके और पांच छक्के लगाए।

दोहरे शतक के साथ रोहित शर्मा एक टेस्ट सीरीज में 500 रन बनाने वाले पांचवे भारतीय ओपनर बन गए हैं। हिटमैन से पहले विनोद मांकड़, बुद्धी कुंदेरम, सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग ने एक टेस्ट सीरीज में पांच सौ रन बनाए हैं। गावस्कर ने ये कारनामा पांच बार किया है। उन्होंने पांच टेस्ट सीरीज में पांच सौ रन बनाए थे। रोहित ने इस सीरीज में अब तक 529 रन बनाए हैं।
रोहित के दोहरे शतक साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से तीन दोहरे शतक लग चुके है। विशाखापट्टनम टेस्ट में मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक ठोका था। पुणे में विराट कोहली ने और रांची में हिटमैन रोहित शर्मा ने डबल सेंचुरी ठोक दी।
रोहित शर्मा ने घर में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ औसत के मामले में डॉन ब्रेडमैन को भी पीछे छोड़ दिया है। रोहित का औसत 99.84 है, जबकि ब्रेडमैन का औसत 98.22 का रहा। रोहित शर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो बार 150 से अधिक रन की पारी खेलने वाले पहले भारतीय ओपनर भी बन गए हैं। वहीं ओवरऑल आठवें खिलाड़ी बन गए। माइकल क्लार्क के बाद ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। क्लार्क ने 2012-2013 में ऐसा किया था।
रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे के इस पारी में 267 रन की साझेदारी हुई, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत की तीसरी सर्वश्रेष्ठ पार्टनरशिप है। मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा के बीच पहले टेस्ट मैच में 317 रन की हुई पार्टनरशिप सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद 2008 में राहुल द्रविड और वीरेंन्द्र सहवाग के बीच 268 रन की पार्टनरशिप है।