(www.arya-tv.com) रामानंद सागर की रामायण का टीवी पर फिर से प्रसारण होने जा रहा है। ये ऐतिहासिक शो 3 जुलाई से फिर से ऑन एयर होने जा रहा है। आप इसे शेमारू टीवी पर देख सकेंगे। रामायण को टीवी पर फिर से दिखाने का फैसला तब लिया गया जब आदिपुरुष को लेकर लोगों में रोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी मिलने के बाद फैंस ने चैनल का शुक्रिया अदा किया है। लोगों का कहना है कि चैनल ने सही समय पर रामायण दिखाने का फैसला किया, क्योंकि लोग अभी भी आदिपुरुष के टॉर्चर से उबरे नहीं हैं। इससे पहले कोविड के वक्त भी रामायण का रिपीट टेलीकास्ट हुआ था। उस वक्त इसे रिकॉर्ड व्यूज मिले थे।
3 जुलाई से दोबारा देख सकेंगे रामायण
शेमारू टीवी ने सोशल मीडिया पर रामायण का एक छोटा सा क्लिप शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा- विश्व की सबसे प्रसिद्ध पौराणिक सीरियल रामायण की फिर वापसी हो रही है। फैंस और ऑडियंस इसे 3 जुलाई से रोज शाम 7.30 बजे देख सकेंगे। जानकारी मिलने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं।
यूजर्स का कहना है कि आदिपुरुष देखने से बेहतर है कि रामायण को एक बार फिर से देख लिया जाए। कुछ यूजर्स का कहना है कि आदिपुरुष देख कर दर्शकों ने जो सहा है, रामायण देखने के बाद उन्हें इस निराशा से उबरने का साहस मिलेगा।
साबुन बेचने वाले शख्स ने बना दी रामायण
पिछले साल रामायण की पूरी स्टारकास्ट और रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर ने द कपिल शर्मा शो में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पिता के बारे में एक दिलचस्प बात बताई।उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं सोचा होगा कि एक आदमी जिसने चपरासी का काम किया, सड़क पर साबुन बेचे, जर्नलिस्ट बना और मुनीम का काम किया। वो आदमी एक दिन रामायण जैसा ऐतिहासिक सीरियल बना सकता है।