30 फीट गहरे कुएं से बच्चे का रेस्क्यू :3 रस्सियों के सहारे 20 मिनट बाद बाहर निकाला

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) कानपुर में 30 फीट गहरे कुएं से 15 साल के लड़के को रेस्क्यू किया गया। इस घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि कुएं में तीन रस्सियां पड़ी हुई हैं। अंदर अंधेरा है। लड़का कुछ देर बाद रस्सी पकड़े हुए ऊपर की ओर आता हुआ दिखाई देता है।

कुएं के बाहर खड़े लोग आराम से आओ, छोड़ना नहीं, मजबूती से पकड़े रहना, छोड़ना नहीं…क्या बात है, शाबाश बहादुर। बोलकर उसका हौसला बढ़ाते रहे। लड़के के कुएं से बाहर आने के बाद सैकड़ों लोग उसकी पीठ थपथपाकर शाबाशी देते हैं।

दरअसल, यह पूरी घटना बुधवार की चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां की है। यहां 9वीं का छात्र आदित्य खेलते वक्त कुएं में गिर गया। यह पता लगते ही दानिश नाम का एक शख्स छात्र को बचाने के लिए कुएं में उतर जाता है। करीब 15 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती है। 20 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जाता है

खेल-खेल में गिरा 9वीं का छात्र
सनिगवां के चंदन इलाके में गुड्डू गौतम रहते हैं। गुड्‌डू का 15 साल का बेटा आदित्य 9वीं में पढ़ता है। बुधवार को आदित्य कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग से वापस आने के बाद वह दोस्तों के साथ विश्वकर्मा मंदिर परिसर में खेल रहा था। खेलने के दौरान वह वहां बने 30 फीट गहरे कुएं में गिर गया।

दोस्तों के शोर मचाने पर जमा हुए लोग
आदित्य कुएं में गिर गया तो उसके दोस्तों ने शोर मचाया। वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सभी लोग छात्र को बचाने का प्लान बनाने लगे। इसी बीच मोहल्ले में रहने वाले दानिश ने कुएं में उतरने का फैसला लिया। लोगों ने रस्सी की मदद से उसे कुएं में नीचे उतारा। वो बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। तभी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।ASI रामदत्त चतुर्वेदी ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार, हरबंश ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद छात्र को सकुशल बाहर निकला। कुआं सूखा था, इसलिए बच्चे की जान बच गई। उसको मामूली चोट आई हैं। बच्चा बिल्कुल ठीक है।