12 सितंबर को भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर धोनी संग तस्वीर क्या शेयर की फैंस ने उसे माही के संन्यास की अटकलों से जोड़ दिया। खुद सामने आकर विराट को फोटो और उसे शेयर करने के पीछे अपनी सोच पर प्रकाश डालना पड़ा। अब अब धोनी के बेहद करीबी माने जाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने भारतीय विकेटकीपर के भविष्य को लेकर ताजा बयान दिया है।
बीसीसीआई के भी अध्यक्ष रह चुके श्रीनिवासन ने धोनी के आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम में उनके भविष्य को लेकर बड़ी बात की है। उन्होंने कहा, ‘मैं केवल एक बात कह सकता हूं। आईपीएल के अगले सीजन में महेंद्र सिंह धोनी ही चेन्नई के कप्तान होंगे। साथ ही वे भारतीय टीम के लिए भी खेलते रहेंगे।
इस बीच सोशल मीडिया पर धोनी की अमेरिका से तस्वीरें वायल हो रहीं हैं। फोटो में धोनी बलिदान बैज वाली टोपी में अपनी एक महिला फैन के साथ नजर आ रहे हैं। धोनी ने हरे रंग की टीशर्ट पहनी है और सिर पर काले रंग की टोपी लगाई हुई है जिसमें सेना का बलिदान बैज है।
याद हो कि इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद से ही धोनी के संन्यास को लेकर अटकलें जारी हैं। धोनी ने वेस्टइंडीज से खुद हटते हुए बोर्ड से 2 महीने का ब्रेक लिया। बोर्ड ने इसे मंजूर करते हुए उन्हें वर्तमान में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज के लिए भी विश्राम दिया।
इस बीच विराट ने भी साफ कर दिया कि, ‘संन्यास का फैसला धोनी का का व्यक्तिगत फैसला होगा क्योंकि ऐसा हर खिलाड़ी के साथ होता है। मैं उनके संन्यास को लेकर कैसे टिप्पणी या फैसला कर सकता हूं। वे खुद इसका फैसला करेंगे। जब तक वो उपलब्ध हैं और क्रिकेट खेलते रहेंगे तब तक हमारी टीम के बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहेंगे।’