(www.arya-tv.com) बरेली में शादी के दिन दूल्हन और उसका परिवार निकाह के लिए बारात का इंतजार करते रहे लेकिन बारात नहीं आई। लड़की पक्ष ने पता किया तो मालूम चला कि लड़के ने दूसरी लड़की से निकाह कर लिया है।
जिसके बाद परेशान परिवार ने बारादरी पुलिस से मामले की शिकायत की तो पुलिस ने लड़के समेत उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
28 अक्टूबर को आनी थी बारात
बारादरी के जोगी नवादा निवासी लड़की की मां ने बताया कि उनके भाई ने उनकी बेटी का रिश्ता नवाबगंज के हरदुआ निवासी नासिर से कुछ हफ्ते पहले तय कराया था। सगाई के बाद 28 अक्टूबर को उनकी बेटी की बारात आनी थी।
परिजनों ने निकाह की पूरी तैयारियां कर ली और 28 तारीख को लड़की दुल्हन बनकर रिश्तेदारों के साथ बारात आने का इंतजार करने कर रही थी। बारात को दोपहर तक आना था, लेकिन नहीं आई।
लड़की पक्ष ने जानकारी जुटाई तो दूल्हे नासिर के भाईयों ने दोपहर 3 बजे तक पहुंचने की बात कही। इसके बाद शाम तक बारात नहीं आई।
दूसरी लड़की से किया निकाह
दोपहर 3 बजे तक बारात नहीं पहुंचने पर लड़की पक्ष नासिर के घर पर पहुंचा तो उनके मकान में ताला लगा था। पड़ोसियों से बताया कि नासिर और उसके परिवार वाले नवाबगंज के ही जयनगर में दूसरी लड़की से निकाह के लिए गए हैं।
इस पर लड़की पक्ष जयनगर पहुंचा, लेकिन वहां भी उन्हें कोई नहीं मिला। वहां उन्हें पता चला की बारात हाफिजगंज के ढकिया गई है। जब लड़की पक्ष वहां पहुंचा तो वहां पर भी कोई नहीं मिला।
बाद में पता चला कि नासिर, उसके भाई शेर बाबू, अजमत शाह, पप्पू शाह, कमाल शाह, मेहसर शाह और कौशर शाह के साथ मिलकर धोखाधड़ी करते हुए उनकी बेटी निशा का रिश्ता तय कराया था। इसके बाद दहेज में 3 लाख और एक बाइक की मांग करने लगे थे। यह मांग पूरी न होने पर नासिर ने दूसरी लड़की से निकाह कर लिया। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने लड़के पक्ष का पता लगाने की कोशिश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
जिसके बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और लड़के समेत उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी। बारादरी इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।