बीच मैदान में गिर पड़े आंद्रे रसेल, देखें दर्दनाक VIDEO

बीच मैदान में गिर पड़े आंद्रे रसेल, देखें दर्दनाक VIDEO

Game

अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विरोधियों के दिलों में खौफ पैदा करने वाले आंद्रे रसेल बीच मैदान एक दुर्घटना का शिकार हो गए। कैरेबियन प्रीमियर लीग के दौरान गुरुवार को एक घातक गेंद रसेल के हेलमेट पर जा लगी, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया।

सबीना पार्क में जमैका तलावाह और सेंट लूसिया जूक्स के बीच खेले गए मैच के दौरान 14वें ओवर में आंद्रे रसेल ने हार्डस विल्जोएन की एक शॉर्ट पिच गेंद को पुल करना चाहा, लेकिन विल्जोएन की यह गेंद रसेल के सिर पर (दाएं कान के पास) लगी। रसेल के चोटिल होने के बाद उनकी टीम को भी इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।

जिस वक्त यह हादसा हुआ तब रसेल शून्य पर ही बल्लेबाजी कर रहे थे। गेंद लगने के बाद वह मैदान पर ही लेट गए, हालांकि वह खड़े होकर खुद ही बाहर जाने लगे। इसके बाद उन्हें रोका गया और स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

कैरेबियन प्रीमियर लीग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी गई कि आंद्रे रसेल का अस्पताल में स्कैन कराया गया है और खतरे की कोई बात नहीं है। बाद में उनकी फ्रेंचाइजी जमैका तलावाह की ओर से बताया गया कि आंद्रे रसेल को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। हालांकि उन्हें होटल में वापस जाने की सलाह दी गई है।

जब यह घटना घटी उस समय जमैका तलावाह का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 137 रन था। इसके बाद टीम ने 20 ओवर में 170 रन बनाए। इस मैच में जमैका के कप्तान क्रिस गेल पहली गेंद पर आउट हो गए।

रोवमैन पॉवेल ने 22 गेंद पर 44 रनों की तेज पारी खेली। हालांकि, सेंट लूसिया जूक्स ने 16.4 ओवर में ही 5 विकेट के नुकसान पर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। सेंट लूसिया जूक्स के लिए रहकीम कॉर्नवाल ने 30 गेंद पर ताबड़तोड़ 75 रन बनाए।